WCL 2025: रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मुकाबला, आयोजकों ने जारी किया आधिकारिक बयान

Sandesh Wahak Digital Desk: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला अब नहीं होगा।

टूर्नामेंट के आयोजकों ने आधिकारिक बयान जारी कर इस बात की पुष्टि की कि भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया है, जिसके बाद आयोजकों को यह मैच रद्द करना पड़ा।

भारत चैंपियंस की कप्तानी कर रहे पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह की टीम अब अपना अगला मुकाबला 22 जुलाई को साउथ अफ्रीका लीजेंड्स के खिलाफ खेलेगी। इस मैच को लेकर फैंस के बीच खासा उत्साह बना हुआ है।

WCL 2025

आयोजकों ने जताया खेद

मैच रद्द होने के बाद WCL आयोजकों ने बयान जारी कर भारतीय खिलाड़ियों और फैंस से माफी मांगी। बयान में कहा गया:

“वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स ने हमेशा खेल भावना और क्रिकेट प्रेम को सर्वोपरि रखा है। हमारा उद्देश्य केवल फैंस को कुछ यादगार और खुशी के पल देना था।

हमने सुना था कि इस वर्ष पाकिस्तान की हॉकी टीम भारत का दौरा करने वाली है और भारत-पाकिस्तान के बीच हाल ही में वॉलीबॉल व अन्य खेलों में प्रतिस्पर्धा हुई है। इसी को देखते हुए हमने भी क्रिकेट मैच का आयोजन करने का फैसला लिया।”

बयान में आगे कहा गया:

“शायद इस फैसले से कुछ लोगों की भावनाएं आहत हुई हों। हमारा उद्देश्य किसी की भावना को ठेस पहुंचाना नहीं था। हम भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों की भावनाओं का सम्मान करते हैं और उनसे तथा सभी ब्रांड्स से, जो इस आयोजन से जुड़े थे, माफी मांगते हैं।

मैच रद्द करने का फैसला इन्हीं कारणों से लिया गया है। आशा है कि लोग हमारी भावना को समझेंगे कि हम सिर्फ फैंस को खुशी देना चाहते थे।”

भारत चैंपियंस का स्क्वॉड

  • कप्तान: युवराज सिंह

  • अन्य खिलाड़ी: सुरेश रैना, शिखर धवन, गुरकीरत सिंह, इरफान पठान, स्टुअर्ट बिन्नी, यूसुफ पठान, रॉबिन उथप्पा (विकेटकीपर), अंबाती रायडू (विकेटकीपर), अभिमन्यु मिथुन, हरभजन सिंह, पवन नेगी, पीयूष चावला, सिद्धार्थ कौल, वरुण आरोन और विनय कुमार।

Also Read: IND vs ENG: मैनचेस्टर टेस्ट से पहले बड़ा बदलाव, इस धाकड़ गेंदबाज को मिली टीम इंडिया में एंट्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.